Ranchi:राजधानी की सड़कों पर सिटी बसें दौड़ने लगी हैं,बिना मास्क के यात्री को बस में यात्रा करने की अनुमति नहीं दिया जा रहा है।

राँची।कई महीनों बाद राजधानी की सड़कों पर सिटी बसें दौड़ने लगी हैं। पहली बस सुबह सात बजे दौड़ी। लॉक डाउन लगने के बाद से ही सिटी बसों का परिचालन बंद कर दिया गया था। लेकिन अनलॉक में बसों के परिचालन को मिली छूट के बाद दोबारा सिटी बसों के परिचालन का निर्णय लिया गया। पहले की तरह ही पुराने दो रूटों पर बसें चल रही हैं। इसमें एक रूट कचहरी चौक से वाया मेन रोड होते हुए राजेंद्र चौक तक है। वहीं, दूसरा रूट किशोरी यादव चौक, कचहरी, कांटाटोली, सुजाता चौक, डोरंडा, हिनू, बिरसा चौक होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक है। नगर निगम के ट्रांसपोर्ट सेल के आफताब आलम ने बताया कि सभी बसों को खुलने से पहले सेनेटाइज किया गया है। बसों में क्षमता से आधे यात्री ही बैठाए जा रहे हैं। सिटी बस में 29 यात्रियों के बैठने की क्षमता है, लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए 15 यात्री ही एक बार में यात्रा कर पा रहे हैं। इसे देखते हुए यात्रियों से पांच रुपए की जगह 10 रुपए किराया लिया जाएगा। ताकि भाड़े पर बस लेकर चलाने वालों को नुकसान न हो। सिटी मैनेजर ने बताया कि लॉक डाउन से पहले दोनों रूटों पर 51 सिटी बसें चलती थीं, लेकिन सात बसें ब्रेक डाउन हैं। जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों रूटों में 22-22 बसें चलेंगी। उन्होंने बताया कि बिना मास्क के यात्री को बस में यात्रा नहीं करने दिया जा रहा है।