चाईबासा:जंगल में लकड़ी चुनने गई बुजुर्ग महिला की आईईडी विस्फोट में मौत,पुलिस जांच में जुटी….

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र के मारादिरी के समीप जंगल पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा प्लांट किए गए आईईडी विस्फोट में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई है।धमाका इतना जोरदार था की आसपास के गांवों में रहने वाले ग्रामीण दहल गए। घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने की है।बता दें कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।नक्सलियों ने पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगल में आईईडी बम प्लांट किया था। जिसकी चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला जंगल में लकड़ी चुनने के लिए गई थी। इसी क्रम में महिला आईईडी बम की चपेट में आ गई। एक जोरदार धमाका हुआ और घटनास्थल पर ही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हालांकि शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बल और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी है।इधर, घटना के संबंध में पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि नक्सलियों के द्वारा पूर्व में आईईडी बम प्लांट किया गया था। जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है।