जनशताब्दी के इंजन से आई तेज बदबू, जांच हुई तो कैटल गार्ड में मिला महिला का कटा सिर
राँची/बोकारो। पटना से राँची आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के बोकारो पहुंचते ही ऐसा मामला सामने आया, जिसने रेलवे अधिकारियों और यात्रियों को सकते में डाल दिया। इंजन के अगले हिस्से से आ रही तेज बदबू की जांच की गई तो कैटल गार्ड के पास बने एक हॉल में करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।बताया जा रहा है कि ट्रेन के गोमो पहुंचने पर चालक बदला गया था। इसी दौरान इंजन के आगे से बदबू आने की जानकारी मिली। शुरुआत में रेलकर्मियों को लगा कि शायद कोई चूहा या छोटा जानवर इंजन में फंसकर मर गया होगा। लेकिन चंद्रपुरा पहुंचने तक बदबू इतनी तेज हो गई कि मामले को गंभीरता से लिया गया।
इसके बाद शनिवार सुबह 11:35 बजे जनशताब्दी एक्सप्रेस बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। पायलट ने वॉकी-टॉकी के जरिए कंट्रोल को इंजन के आगे कुछ संदिग्ध होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची और इंजन के अगले हिस्से की तलाशी शुरू की।तलाशी के दौरान कैटल गार्ड के समीप बने हॉल में महिला का कटा हुआ सिर दिखाई दिया। RPF की मौजूदगी में उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद GRP ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर सिर को अपने कब्जे में ले लिया।
सिर ट्रेन के इंजन तक कैसे पहुंचा?
RPF ओसी संतोष कुमार के अनुसार, सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम ने इंजन की जांच की थी। कैटल गार्ड के पास से महिला का सिर बरामद हुआ है। महिला कौन है, सिर वहां तक कैसे पहुंचा और इसे किसने वहां रखा—इन सवालों की जांच की जा रही है।
स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक ने बताया कि घटना के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक बोकारो स्टेशन पर खड़ी रही। आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन दोपहर 12:33 बजे राँची के लिए रवाना हुई।फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पूरे मामले की जांच जीआरपी द्वारा की जा रही है।

