टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर धर्म प्रचार के मामले में 17 विदेशी नागरिक सहित 18 लोगों पर मामला दर्ज.

राँची। राँची से एक बड़ी खबर आ रही है जहां टूरिस्ट वीजा के नाम पर भारत आकर धर्म प्रचार करने के मामले में रांची के हिंदपीढ़ी थाना में 18 लोगों के ऊपर मामला दर्ज किया गया है। इन 18 लोगों में 17 विदेशी नागरिक शामिल है। इन सभी 18 लोगों के ऊपर टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर धर्म प्रचार करते हुए सरकारी आदेश का उल्लंघन करने के मामले में हिंदपीढ़ी थाना में कांड सं0 -34/2020, धारा-188/269/270/271 भा0द0वि0 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदपीढ़ी की बड़ी मस्जिद से 17 विदेशी सहित 24 लोग मिले थे

30 मार्च को रांची के हिंदपीढ़ी की बड़ी मस्जिद से 17 विदेशी नागरिक सहित 24 लोग मिले थे। जिसके बाद सभी लोगों को रांची पुलिस ने क्वॉरेंटाइन किया था। 31 मार्च को उनमें से एक महिला का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। जिसका कोरोना टेस्ट पोजिटिव पाया गया है, वह मलेशिया की रहने वाली एक महिला है। सभी जमात पर आये थे और हिंदपीढ़ी की एक मस्जिद में रह रहे थे। एक सूचना के बाद प्रशासन ने सभी को वहां से निकाला था। सभी को रिम्स ले जाया गया था, जहां पर सभी का कोरोना टेस्ट किया गया। 31 मार्च को रिजल्ट आया जिसमें एक का टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया। फिलहाल हिंदपीढ़ी क्षेत्र से कोरोना पॉजिटिव के 7 मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना के कुल 13 लोग पॉजिटिव मरीज हो गये हैं।