Ranchi:तेज रफ्तार में ऑटो ने बुजुर्ग महिला को मारी टक्कर,महिला की मौके पर मौत,चालक ऑटो लेकर फरार

राँची।राजधानी राँची में ऑटो चालकों की लापरवाही और रफ्तार अब सड़क पर चल रहे हैं लोगों की जान लेने लगे हैं। मंगलवार की सुबह करीब 5.30 बजे कांटा टोली चौक से डांगराटोली के बीच एक तेज रफ्तार ऑटो ने एक महिला को कुचल डाला। महिला को कुचलने के बाद ऑटो वाला फरार हो गया। वहीं समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने की वजह से मौके पर ही महिला की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार सड़क पर छोटे-मोटे काम कर अपने जीवन का गुजर-बसर करने वाली एक बुजुर्ग महिला मंगलवार को सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे अपने चपेट में ले लिया। महिला को धक्का मारने के बाद ऑटो चालक ने देखने की भी जहमत नहीं उठाई कि महिला की क्या स्थिति है।वह धक्का मारने के बाद तेज गति से फरार हो गया।वहीं स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन तय समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाने की वजह से महिला की मौत हो गई।सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बुजुर्ग महिला आसपास की रहने वाली थी।