रामगढ़ में मौत बनकर दौड़ा हाइवा, टाटा मैजिक को मारी जोरदार टक्कर,दो की दर्दनाक मौत, चार घायल
रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के चितरपुर में गुरुवार की अहले सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। काली चौक के पास सवारियों से भरी टाटा मैजिक और हाइवा के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टाटा मैजिक गोला की ओर से सवारियों को लेकर रामगढ़ जा रही थी। इसी दौरान काली चौक के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मैजिक में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस के पहुंचने का इंतजार किए बिना ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और दुर्घटनाग्रस्त टाटा मैजिक में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग पुलिस और रजरप्पा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है। मृतकों के गोला निवासी होने की बात सामने आई है। रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने बताया कि हादसे में टाटा मैजिक सवार छह लोग घायल हुए थे। इनमें दो की मौत हो गई है, जबकि चार का इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

