गुमला में खौफनाक डबल मर्डर: दो सगे भाइयों ने अपनी पत्नियों को मारकर जंगल में गाड़ा, बच्चों को लेकर खुद पहुंचे थाना
गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। दो सगे भाइयों पर अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर उनके शव सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में दफनाने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद दोनों आरोपी अपने बच्चों को लेकर खुद थाना पहुंचे और पत्नियों के लापता होने की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की जांच में दोनों भाइयों के बयानों में विरोधाभास मिला और पूछताछ में कथित तौर पर पूरी वारदात का खुलासा हो गया। दोनों आरोपियों ने थाना में सरेंडर किया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

मृत महिलाओं की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है। मिनी प्रिया की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी की शादी नवीन साहू से हुई थी। दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिव शंकर साहू गुमला सदर अस्पताल में एम्बुलेंस चालक के पद पर कार्यरत है।
घुमाने के बहाने एम्बुलेंस से ले गए जंगल, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर समसेरा स्थित घर गए थे। इसके बाद दोनों महिलाओं को घुमाने के बहाने एम्बुलेंस से सिमडेगा जिले के वीरू जंगल ले जाया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि जंगल में दोनों महिलाओं की हत्या करने के बाद उनके शव जमीन में दफना दिए थे। वारदात में इस्तेमाल की गई एम्बुलेंस शिव शंकर साहू चला रहा था। पुलिस ने एम्बुलेंस को जब्त कर लिया है।
हत्या के बाद बच्चों को लेकर पहुंचे थाना, सुनाई लापता होने की कहानी
इस खौफनाक वारदात के बाद दोनों भाइयों ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। दोनों अपनी पत्नियों को घर से ले जाने के बाद वापस लौटे और फिर बच्चों को साथ लेकर गुमला थाना पहुंच गए। वहां उन्होंने अपनी-अपनी पत्नियों के लापता होने की सूचना दी। शुरुआत में पुलिस इसे गुमशुदगी का मामला मानकर जांच कर रही थी। लेकिन जांच के दौरान दोनों भाइयों के बयान मेल नहीं खा रहे थे। पुलिस को शक हुआ तो दोनों से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने पत्नियों की हत्या कर शव जंगल में दफनाने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों को लेकर जंगल पहुंची पुलिस, शवों की तलाश जारी
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस मंगलवार देर रात उन्हें लेकर सिमडेगा के वीरू जंगल पहुंची। वहां शवों को दफनाने की बताई गई जगह पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी दोनों महिलाओं के शव बरामद नहीं हो सके। बुधवार को पुलिस एक बार फिर दोनों आरोपियों को लेकर जंगल पहुंची है। पुलिस की प्राथमिकता अब दोनों महिलाओं के शव बरामद करना है। जंगल में अलग-अलग जगहों पर तलाशी ली जा रही है, ताकि आरोपियों के बताए घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।
थाना पहुंचे मृतका के परिजन, बड़ी संख्या में जुटे लोग
इधर, घटना की जानकारी सामने आने के बाद मृतका के परिजन गुमला थाना पहुंचे हैं। दोनों महिलाओं के परिजनों के अलावा काफी संख्या में स्थानीय लोग भी थाना परिसर में जुटे हैं। इस दोहरे हत्याकांड को लेकर इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है। परिजन पूरे मामले की जानकारी लेने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ
पुलिस ने दोनों आरोपियों के परिवार के अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच की जा रही है कि इस वारदात में परिवार के किसी अन्य सदस्य की भूमिका थी या नहीं। साथ ही दोनों महिलाओं की हत्या के पीछे की असली वजह, लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद और हत्या की पूरी साजिश की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल दोनों महिलाओं के शवों की बरामदगी का है। पुलिस आरोपियों को साथ लेकर वीरू जंगल में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। शव मिलने के बाद ही पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के जरिए हत्या से जुड़े कई अहम पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।

