हजारीबाग: तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदलीं..बारातियों से भरी सवारी गाड़ी पलटी, एक महिला की मौत, कई घायल

 

हजारीबाग।घर में शादी की खुशियां बांटने और तिलक समारोह में शामिल होने निकले लोगों की यात्रा मंगलवार को दर्दनाक हादसे में बदल गई। टाटीझरिया प्रखंड के 17 माईल-गोधिया सड़क पर झरपो से बगोदर बरांय जा रही सवारी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में झरपो निवासी उषा देवी (30 वर्ष), पति रमेश रविदास की मौत हो गई, जबकि मालती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे में कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, झरपो गांव से करीब 20 लोग सवारी गाड़ी में सवार होकर बगोदर बरांय में लड़के का तिलक चढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान 17 माईल-गोधिया सड़क पर अचानक गाड़ी का बेरिंग टूट गया।इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और सवारी गाड़ी बीच सड़क पर ही पलट गई।हादसे में झरपो निवासी उषा देवी की मौत हो गई।वहीं, इसी गांव की मालती देवी, पति संजय रविदास गंभीर रूप से घायल हो गईं।गणेश रविदास का पैर टूट गया है। दोनों घायलों का इलाज हजारीबाग में चल रहा है। इसके अलावा खेमलाल राम, सरयु राम, मुनु राम सहित कई महिलाओं और बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।प्राथमिक उपचार और हादसे के बाद सभी अपने घर लौट गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।शुरुआती जानकारी के अनुसार, सवारी गाड़ी का बेरिंग टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलटा।हादसे के बाद झरपो गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

error: Content is protected !!