चतरा के एकलव्य विद्यालय में रहस्यमयी मौत…रात में सोया 14 वर्षीय छात्र, सुबह अस्पताल में तोड़ा दम

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में एक 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। छात्र रात में खाना खाने के बाद रोज की तरह सोया था, लेकिन मंगलवार सुबह जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसके मुंह से झाग निकलने लगा और नाक से खून बहने लगा। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृत छात्र की पहचान गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड अंतर्गत चोरनीतरी गांव निवासी रविकांत हेंब्रम के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम राजेश हेंब्रम है। रविकांत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था।

 

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात रविकांत ने रोज की तरह अपना होमवर्क पूरा किया और खाना खाने के बाद सोने चला गया। उस समय तक उसकी तबीयत सामान्य बताई जा रही थी। मंगलवार सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। छात्र की स्थिति देखकर विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

विद्यालय के एक शिक्षक के अनुसार, सुबह रविकांत का चेहरा पीला पड़ गया था। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था और उसकी सांसें तेज चल रही थीं। इसी दौरान उसके मुंह से झाग निकलने लगा और नाक से खून बहने लगा। छात्र की गंभीर हालत देखकर विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की और उसे सदर अस्पताल भेजा।

विद्यालय से अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद डॉक्टरों ने छात्र की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महज 14 साल के छात्र की अचानक हुई मौत की खबर से विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चोरनीतरी गांव में भी मातम पसरा हुआ है।परिजनों ने छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

दूसरी ओर, इस घटना को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आखिर रात में सामान्य रूप से खाना खाकर सोने वाले छात्र की सुबह अचानक ऐसी हालत कैसे हो गई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है।

error: Content is protected !!