जमशेदपुर: घाघीडीह जेल में प्रशासन का बड़ा एक्शन…डीसी-एसएसपी के नेतृत्व में 200 पुलिसकर्मियों का धावा, दो घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
जमशेदपुर। घाघीडीह सेंट्रल जेल में सोमवार की रात अचानक प्रशासन और पुलिस की भारी-भरकम टीम ने धावा बोल दिया। 11 मजिस्ट्रेट और करीब 200 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जेल के अंदर लगभग दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से जेल परिसर में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:15 बजे उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम घाघीडीह सेंट्रल जेल पहुंची। इस दौरान सिटी एसपी ललित मीना और धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा भी मौजूद रहे। अभियान में 11 मजिस्ट्रेट के साथ करीब 200 पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।
दो घंटे तक चली सघन तलाशी
रात करीब 8:15 बजे शुरू हुई कार्रवाई लगभग दो घंटे तक चली। इस दौरान टीम ने जेल के विभिन्न हिस्सों, बंदियों के सामान और परिसर के अलग-अलग स्थानों की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान का उद्देश्य जेल के अंदर किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री या संदिग्ध वस्तु का पता लगाना था।
बीड़ी, खैनी और माचिस बरामद
तलाशी अभियान के दौरान जेल से प्रतिबंधित सामग्री के रूप में बीड़ी, खैनी और माचिस बरामद की गई। हालांकि, इन सामग्रियों के अलावा कोई दूसरी प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
करीब 200 पुलिसकर्मियों और 11 मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई इस व्यापक छापेमारी को जेल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

