हजारीबाग: होटल में गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के शूटर रॉकी समेत दो अपराधियों का हाफ एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली
हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, कटकमसांडी के डाटोखुर्द में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़; दोनों के पैर में लगी गोली, हथियार और बाइक बरामद
हजारीबाग। झारखण्ड में लगातार फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। चौपारण में एक होटल में गोलीबारी कर सनसनी फैलाने वाले गैंग के शूटर राहुल उर्फ रॉकी समेत दो अपराधियों का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। सोमवार को कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें राहुल उर्फ रॉकी और उसका साथी दीप नारायण भगत गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, हजारीबाग जिले में पिछले कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के अपराधियों द्वारा लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के कुछ अपराधी इलाके में सक्रिय हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार के निर्देश पर पुलिस ने नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
रुकने के बजाय पुलिस पर करने लगे फायरिंग
इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध अपराधी पुलिस की चेकिंग के दौरान वहां पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों रुकने के बजाय बाइक से भागने लगे। पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। चेतावनी देने के बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
चौपारण होटल फायरिंग में शामिल था रॉकी
इस मुठभेड़ में घायल राहुल कुमार उर्फ रॉकी पुलिस के लिए पहले से ही वांछित था। पुलिस के अनुसार, बीते गुरुवार को चौपारण में एक होटल में हुई फायरिंग की घटना में रॉकी शामिल था। उस घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की घेराबंदी की थी, लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रॉकी मौके से भाग निकलने में सफल रहा था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।आखिरकार सोमवार को डाटोखुर्द में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान वह अपने साथी के साथ घायल होकर पकड़ा गया।
दोनों अपराधियों की हुई पहचान, हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान दीप नारायण भगत, पिता बिल्टू साव, निवासी पदमा, जिला हजारीबाग और राहुल कुमार उर्फ रॉकी, पिता द्वारिका रविदास, निवासी नगवां, थाना एवं जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के एसपी अमन कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों घायल अपराधियों से पूछताछ करने और राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गैंग के सदस्य किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हजारीबाग में लगातार फायरिंग की घटनाओं के बीच हुई इस कार्रवाई को राहुल दुबे गैंग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

