शिकारीपाड़ा हिंसा में घायल GM सागर सिंह मीणा का बड़ा खुलासा, बोले- पत्थर-लाठी से हजारों बार पीटा, पानी में भी धकेला

 

दुमका। शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में ग्रामसभा के दौरान हुई हिंसक झड़प को लेकर अब घायल कोल कंपनी के जीएम सागर सिंह मीणा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भीड़ ने उन्हें और उनके ड्राइवर को बेरहमी से पीटा। पत्थर और लाठी-डंडों से लगातार हमला किया गया। यहां तक कि उन्हें पानी में भी धकेल दिया गया। मारपीट इतनी बुरी तरह की गई कि उनका पूरा शरीर जवाब दे गया है और हाथ-पैर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।

घटना की आपबीती सुनाते हुए सागर सिंह मीणा ने बताया कि वे लोग कोल ब्लॉक क्षेत्र में बोरिंग का काम कराने वाली कंपनी की ओर से ग्रामसभा में शामिल होने गए थे। सीओ साहब का कल्याणपुर में ग्रामसभा कराने का कार्यक्रम था। उनके साथ सीओ और बड़ा बाबू भी वहां पहुंचे थे। इसी दौरान मांझी हड़ाम भुदई किस्कू ने लोगों को इकट्ठा कर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे लोगों पर भी दबाव बनाया गया कि कंपनी के लोगों को उलझाकर रखा जाए।

जीएम के मुताबिक, देखते ही देखते गांव के साथ-साथ आसपास के इलाकों के लोग भी वहां जुट गए और माहौल हिंसक हो गया। उन्होंने बताया, “मैं गाड़ी में था। उधर शासन चला गया और इधर हम लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। मुझे और मेरे ड्राइवर को पत्थर, लाठी-डंडे और जो मिला, उससे पीटा गया। पानी में भी धकेल दिया गया।”

रातभर कहां-कहां ले गए, पता नहीं चला

सागर सिंह मीणा ने बताया कि मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए थे। इसके बाद रातभर उन्हें कहां-कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। सोमवार सुबह किसी तरह एंबुलेंस का इंतजाम किया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि मारपीट एक-दो बार नहीं, बल्कि हजारों बार की गई। शरीर की हालत ऐसी है कि हाथ-पैर काम नहीं कर रहे हैं।

घायल जीएम का यह बयान शिकारीपाड़ा हिंसा की भयावहता को सामने ला रहा है। ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विवाद किस तरह हिंसक झड़प में बदल गया और कंपनी के अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया, इसे लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, जीएम द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

error: Content is protected !!