खूंटी में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार युवकों की मौत,एक घायल,जतरा देखकर लौट रहे थे सभी

 

खूंटी। खूंटी जिले के रनिया में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोहागढ़ में आयोजित डाइर जतरा (मेला) देखकर घर लौट रहे युवकों की दो बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में एक और युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रनिया थाना क्षेत्र के विश्रामपुर और तुरीगढ़ा गांव के बीच रनिया-मरचा मुख्य पथ पर शनिवार शाम करीब 6:15 से 6:45 बजे के बीच हुई। शनिवार को लोहागढ़ बाजार में डायर जतरा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। जतरा देखकर कुछ युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विश्रामपुर के पास दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि एक बाइक पर दो युवक और दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई।

तीन मृतकों की हुई पहचान, चौथे की जानकारी का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में उड़ीकेल गांव निवासी प्रेमांशु कोंगाड़ी और जीतेंद्र कोंगाड़ी तथा बनाबिरा नवाटोली निवासी हेमंत बहादुर शामिल हैं। तीन युवकों की मौत घटनास्थल पर हुई थी। वहीं, एक अन्य घायल युवक की अस्पताल में मौत होने की खबर है। चौथे मृतक की पहचान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

एक साथ चार मौतों से इलाके में मातम

एक ही सड़क हादसे में चार युवकों की मौत की खबर से रनिया और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन परिवारों के युवक डायर जतरा देखने निकले थे, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। फिलहाल दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल है।

 

error: Content is protected !!