जमुई में फिल्मी अंदाज में बदमाशों का पीछा, गोली चलाते भागे तीन युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़े; पिटाई से एक की छाती टूटी, पटना रेफर

 

 

जमुई।बिहार के जमुई में शुक्रवार की शाम मामूली विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। प्रतापपुर गांव में शिव मंदिर के सामने शुरू हुई कहासुनी मारपीट और फिर गोलीबारी तक पहुंच गई। आरोप है कि बाइक लूटने का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों को जुटते देख तीनों आरोपी भागने लगे। इस दौरान दो युवकों ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी पीछा नहीं छोड़ा। एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि बाकी दो को खेतों और गांवों के रास्ते खदेड़कर पकड़ लिया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी।

घटना में गिरफ्तार एक युवक प्रेम कुमार की छाती में फ्रैक्चर हो गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हैरानी की बात यह है कि गोलीबारी के आरोप के बावजूद पुलिस को घटनास्थल से न तो गोली का खोखा मिला और न ही आरोपियों के पास से हथियार बरामद हुआ।

बाइक का हॉर्न बना विवाद की वजह, फिर लूट की कोशिश का आरोप

घटना टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव की है। पीड़ित कपिल यादव के अनुसार, वह सेंट्रल जेल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के शिव मंदिर के सामने तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उनकी बाइक लूटने का प्रयास किया। जब कपिल यादव ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

इसी बीच आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिल गई और लोग मौके की ओर आने लगे। ग्रामीणों को जुटता देख आरोपी वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक मड़वा पहाड़ की तरफ भाग निकले। आरोप है कि पीछा कर रहे लोगों को डराने और अपने साथी को छुड़ाने के लिए दोनों ने भागते हुए गोलीबारी की।

खेतों में शुरू हुआ पीछा, डायल 112 की टीम भी जुटी

गोली चलने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों का पीछा जारी रखा। दोनों आरोपी सोनय मड़वा होते हुए ढंड गांव की ओर भागे। इसी दौरान डायल 112 की पुलिस टीम और ग्रामीण भी उनके पीछे लग गए। मड़वा पहाड़ के समीप ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संतोष कुमार ने बताया कि युवकों के भागने और गोली चलाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने खेतों में खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया।

इस तरह कुछ देर तक चले पीछा और घेराबंदी के बाद तीनों युवक ग्रामीणों और पुलिस की गिरफ्त में आ गए। गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने तीनों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया।

पानी भरे गड्ढे में गिरा हथियार! आरोपियों ने बताई यह कहानी

पूरे मामले में गिरफ्तार युवकों की ओर से भी एक अलग कहानी सामने आई है। उनका कहना है कि वे कुंदर डैम की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक का हॉर्न बजाया गया, लेकिन वे लोग उसे सुन नहीं पाए। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।

युवकों के मुताबिक, इस दौरान प्रेम कुमार को पकड़ लिया गया था। अपने साथी को छुड़ाने के लिए सचिन कुमार ने कथित तौर पर दो राउंड गोली चलाई और दोनों वहां से भागने लगे। इसी दौरान सचिन पानी भरे गड्ढे में गिर गया और उसके साथ हथियार भी पानी में चला गया। यही वजह बताई जा रही है कि पुलिस को तलाशी के बावजूद हथियार नहीं मिला। हालांकि आरोपियों के इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

तीनों की पहचान, एक की हालत गंभीर

पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान काकन बेलदरिया गांव निवासी महेश चौहान के पुत्र प्रेम कुमार, काकन निवासी सचिन कुमार और ढंड गांव निवासी सकिन्द्र राम के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है।

तीनों को ग्रामीणों की पिटाई के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें प्रेम कुमार की छाती में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया।

पहले भी छिनतई के प्रयास में जेल जाने का आरोप

ग्रामीण गनौरी यादव ने बताया कि कुछ महीने पहले भी कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ छिनतई का प्रयास किया गया था। इस मामले में सचिन महतो और प्रेम कुमार के जेल जाने का दावा किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद फिर से इस तरह की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। हालांकि इस पुराने मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

एक ही इलाके में दो गोलीबारी की घटनाओं से पुलिस अलर्ट

इस पूरे मामले पर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि लखन धनामा गांव में हार्वेस्टिंग मशीन को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, शुक्रवार को प्रतापपुर गांव के पास भी गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि आरोपियों ने गोलीबारी की थी तो हथियार और खोखा कहां गया? क्या सचमुच भागने के दौरान हथियार पानी भरे गड्ढे में गिरा या इसके पीछे कोई दूसरी कहानी है? पुलिस की जांच के बाद ही इन सवालों का जवाब सामने आ सकेगा।

 

error: Content is protected !!