पाकुड़: चौकीदार की नौकरी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा… ACB की छापेमारी में मिले अहम सुराग

 

पाकुड़।भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के गढ़वाड़ी गांव में सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के आवास पर छापेमारी की। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में एसीबी की टीम को करोड़ों रुपये की कथित अवैध संपत्ति से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। तलाशी के दौरान करीब 90.53 लाख रुपये अनुमानित मूल्य का दो मंजिला पक्का मकान और 5.08 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किया गया। इसके अलावा पुराने विमुद्रीकृत नोट भी मिले हैं।

एसीबी दुमका ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज कांड के तहत की गई है।

4 हजार वर्गफीट जमीन पर बना है दो मंजिला मकान

एसीबी के अनुसार, धीरन माल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्र०नि० ब्यूरो, दुमका थाना कांड संख्या 07/2026, दिनांक 02 नवंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में नामजद अभियुक्त धीरन माल, पिता स्वर्गीय झुरू माल, ग्राम गढ़वाड़ी, थाना महेशपुर, जिला पाकुड़ के घर की तलाशी न्यायालय के आदेश पर ली गई।

कार्यपालक दंडाधिकारी, दुमका और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान उनके घर के सामान, करीब 4,000 वर्गफीट जमीन और उस पर बने पक्के दो मंजिला मकान का आकलन किया गया। एसीबी के मुताबिक, इन सभी का अनुमानित मूल्य 90,53,440 रुपये पाया गया है।

घर से 5.08 लाख रुपये नकद, पुराने नोट भी बरामद

छापेमारी के दौरान एसीबी को धीरन माल के घर से 5,08,560 रुपये नकद मिले, जिन्हें एजेंसी ने अनएकाउंटेड मनी यानी बेहिसाब नकदी बताया है। इसके अलावा 1,000 रुपये के 24 पुराने विमुद्रीकृत नोट भी बरामद किए गए हैं। इन नोटों की कुल कीमत 24,000 रुपये बताई गई है।

करोड़ों की अन्य अचल संपत्तियों की भी मिली जानकारी

एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति में एक और महत्वपूर्ण खुलासा किया गया है। एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान धीरन माल द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित करोड़ों रुपये की अन्य अचल संपत्तियों की जानकारी भी मिली है। अब इन संपत्तियों के स्रोत, खरीद और वास्तविक मूल्य का पता लगाने की दिशा में जांच की जाएगी।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई

धीरन माल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी दुमका की इस कार्रवाई के बाद अब उनकी संपत्ति और आय के ज्ञात स्रोतों का मिलान जांच का अहम हिस्सा होगा। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि एक सेवानिवृत्त चौकीदार के पास इतनी बड़ी संपत्ति कहां से आई और इसका वैध आय स्रोत क्या है।

फिलहाल एसीबी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, मकान और जमीन का अनुमानित मूल्य 90.53 लाख रुपये, नकद बरामदगी 5.08 लाख रुपये और विमुद्रीकृत नोटों की कुल कीमत 24 हजार रुपये है। अन्य अचल संपत्तियों को लेकर जांच जारी है।

error: Content is protected !!