धनबाद से आसनसोल जा रहा था 500 किलो प्रतिबंधित मांस, मैथन टोल प्लाजा पर पुलिस ने पिकअप को घेरा, दो गिरफ्तार
धनबाद। धनबाद से आसनसोल तक प्रतिबंधित पशु मांस की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश को मैथन पुलिस ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना पर पुलिस ने आधी रात को मैथन टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर मांस लदे पिकअप वैन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 500 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु मांस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर पिकअप वैन भी जब्त कर लिया।
कार्रवाई गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुमारधुबी के शिवलीबाड़ी से पिकअप वैन में मांस लादकर आसनसोल ले जाया जा रहा था। इसी बीच मैथन पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मैथन टोल प्लाजा के समीप वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान भारी मात्रा में मांस मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई।
कुल्टी के वाहन मालिक पर भी दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों युवकों के साथ-साथ पिकअप वैन के मालिक को भी मामले में आरोपी बनाया है। बताया गया है कि वाहन का मालिक पश्चिम बंगाल के कुल्टी का रहने वाला है। पुलिस बरामद मांस का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि उसकी प्रकृति की पुष्टि हो सके।
कारोबार में शामिल लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी
मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रात करीब एक बजे टोल प्लाजा पर पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई थी। वाहन से लगभग 500 किलो प्रतिबंधित पशु मांस बरामद हुआ। चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है। मांस का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और मांस की खेप के स्रोत की जांच कर रही है।

