विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गवाही दिलाने की साजिश का आरोप, पूर्व कांग्रेस नेता दिलीप तिर्की गिरफ्तार, जोन्हा फॉल के जंगल से दबोचा

 

सिमडेगा।सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। नाबालिग बच्ची को अगवा कर डराने-धमकाने और विधायक के खिलाफ गलत बयान देने के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने पूर्व कांग्रेस नेता दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया है। सिमडेगा पुलिस ने उसे राँची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा फॉल के जंगली इलाके से दबोचा है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

जोन्हा फॉल के जंगल में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026 दर्ज किया गया था। इसमें दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती को नामजद आरोपी बनाया गया था। दोनों पर एक नाबालिग बच्ची को अगवा कर डराने-धमकाने तथा सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत बयान देने और गवाही के लिए दबाव बनाने का आरोप है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को दिलीप तिर्की के राँची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने जोन्हा फॉल के जंगली इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में दर्ज है केस

गिरफ्तार दिलीप तिर्की (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय जीवन किशोर तिर्की, सिमडेगा थाना क्षेत्र के डुमरटोली का रहने वाला है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले के दूसरे नामजद आरोपी अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए अनुसंधान और छापेमारी जारी है।गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रणवीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।वहीं बताया को एक नाबालिग बच्ची को भी निरुद्ध किया गया है।बच्ची को किस मामले में निरुद्ध किया है।ये जानकारी नहीं दी गई है।

 

error: Content is protected !!