हजारीबाग: ऋत्विक कंपनी के गेट पर फायरिंग के बाद भेजा धमकी भरा पत्र, लिखा- अगली बार पिक्चर का अंत होगा
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत पगार ओपी थाना क्षेत्र स्थित ऋत्विक कंपनी के मेन गेट पर बुधवार देर रात हुई गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज और हाथ से लिखा धमकी भरा पत्र सामने आया है। इस पत्र में कंपनी से जुड़े लोगों को सीधे चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, पत्र में शरद बाबू और शक्ति सर का नाम लेकर भी धमकी दी गई है। अपराधियों ने अपने संदेश में साफ लिखा है कि यदि मामला उनके मुताबिक सेटेल नहीं हुआ तो अगली बार पिक्चर का अंत कर दिया जाएगा। इस घटना और धमकी भरे पत्र के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मेन गेट पर फायरिंग, घटनास्थल से मिले तीन खोखा
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने ऋत्विक कंपनी के मुख्य गेट पर गोलीबारी की। गोलीबारी की आवाज से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया है। वहीं, कथित प्रेस रिलीज में दावा किया गया है कि कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल पत्र
हाथ से लिखे पत्र में शरद बाबू और शक्ति सर को चेतावनी
गोलीबारी के बाद सामने आए हाथ से लिखे पत्र में ऊपर राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा है। पत्र की शुरुआत ‘हर हर महादेव’ से की गई है। इसके बाद सतीश जी को संबोधित करते हुए लिखा गया है कि उन्हें लगता है कि कुछ नहीं होगा, लेकिन शरद बाबू भी ऐसा ही सोचते थे। आगे शक्ति सर को भी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि कान खोलकर सुन लीजिए, अगर मामला सेटेल नहीं हुआ तो इसके जिम्मेदार आप स्वयं होंगे। पत्र में आगे लिखा है कि अगली बार पिक्चर का अंत किया जाएगा।पत्र के नीचे राहुल दुबे के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, इस पत्र की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।
कंपनी प्रबंधन को दी गई गंभीर अंजाम की धमकी
सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज में कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि उनकी मांगों के मुताबिक जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होगी। संदेश में कंपनी कार्यालय, स्टाफ और मुंशी को निशाना बनाने, कार्यस्थल पर बम फेंकने, कंपनी की सभी साइटों को बंद कराने और कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां दी गई हैं। अपराधियों ने मौजूदा गोलीबारी को महज ट्रेलर बताते हुए आगे और बड़ी वारदात की चेतावनी दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि गोलीबारी करने पहुंचे अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस कथित प्रेस रिलीज और हाथ से लिखे धमकी भरे पत्र की भी जांच कर रही है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

