बेतिया में दिनदहाड़े 35 करोड़ की सनसनीखेज लूट, 8 हथियारबंद अपराधियों ने Senco Gold शोरूम को बनाया निशाना, 20 मिनट तक मचाया तांडव

बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े करोड़ों की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बेतिया के व्यस्त सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। पिस्टल के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर अपराधियों ने करीब 30 से 35 करोड़ रुपये के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि अपराधी करीब 20 मिनट तक शोरूम में लूटपाट करते रहे और आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपराधी तीन मोटरसाइकिलों से शोरूम पहुंचे थे। दो बाइक पर तीन-तीन और तीसरी बाइक पर दो अपराधी सवार थे। शोरूम में दाखिल होते ही सभी ने पिस्टल निकाल ली और वहां मौजूद आठ कर्मचारियों तथा तीन ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। अपराधियों ने कर्मचारियों के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए, ताकि कोई पुलिस या बाहरी व्यक्ति को सूचना नहीं दे सके।

इसके बाद अपराधियों ने शोरूम के दोनों तल्लों में लूटपाट शुरू कर दी। चार बदमाश कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर नियंत्रित कर रहे थे, जबकि बाकी चार तिजोरियों और शोकेस में रखे कीमती आभूषण बैग में भर रहे थे। सोने-चांदी के जेवरात के साथ हीरे के आभूषण भी समेट लिए गए। देखते ही देखते करोड़ों के आभूषण बैग में भरकर अपराधी बाइक से फरार हो गए।

गार्ड को पीटा, सिर फोड़ा, विरोध करने पर दिखाई बंदूक

लूटपाट के दौरान शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे ने अपराधियों का विरोध करने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया। एक अन्य कर्मचारी के साथ भी मारपीट की गई। घायल गार्ड को सिर में चोट आई है। बताया गया है कि सुरक्षा गार्ड के पास कोई हथियार नहीं था।

अपराधियों ने दो ग्राहकों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और उन्हें तोड़ दिया। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों और काउंटर पर भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान शोरूम का सेफ्टी अलार्म भी बजने लगा। घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा रहा है। वीडियो में कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर एक जगह बैठाए जाने तथा अपराधियों को आभूषण समेटते देखा गया है।

जाते-जाते दी दोबारा लौटने की धमकी!

इस लूटकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू अपराधियों का बेखौफ अंदाज है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वारदात के दौरान अपराधियों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, वे फिर लौटेंगे। इसके बाद सभी अपराधी अपने साथ लूटे गए आभूषण लेकर तीनों बाइक से फरार हो गए। करीब 10 से 20 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।

आधे घंटे पहले पुलिस ने की थी शोरूम की जांच

इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, लूट की वारदात से करीब आधे घंटे पहले कालीबाग थाने की पेट्रोलिंग टीम शोरूम में जांच के लिए पहुंची थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों और पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया था। बताया जाता है कि एसएसपी के निर्देश पर शहर के बड़े शोरूम और बैंकों की नियमित सुरक्षा जांच की जाती है। ऐसे में पुलिस की जांच के कुछ ही देर बाद इतनी बड़ी लूट हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।

DIG और SSP ने संभाली जांच की कमान, कई टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम, सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार समेत जिले के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम के अंदर बारीकी से जांच की और कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की।

डीआईजी और एसएसपी ने कई घंटे तक घटनास्थल पर रहकर जांच की। शोरूम के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों के आने-जाने के रास्तों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस बाइक से अपराधी पहुंचे थे, उसके नंबर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस इन नंबरों का सत्यापन कर रही है।

जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं।

रेणु देवी के आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर वारदात

जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां से बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री और बेतिया की विधायक रेणु देवी का आवास महज 100 मीटर की दूरी पर है। घटना की जानकारी मिलते ही रेणु देवी भी शोरूम पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अपराधियों को हर हाल में पकड़ा जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

शोरूम जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बृजेश कुशवाहा के भाई राकेश कुमार उर्फ राजू का बताया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में भारी दहशत है। व्यस्त बाजार और बड़े प्रतिष्ठानों के बीच इस तरह की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

18 नवंबर की रात तक क्या है पुलिस की कार्रवाई?

18 नवंबर की शाम तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने आठ अपराधियों के वारदात में शामिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शोरूम में रखे स्टॉक का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत सामने आएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।

शुरुआती अनुमान में लूट की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। हालांकि, इसे अभी आधिकारिक रूप से अंतिम आंकड़ा नहीं माना गया है। शोरूम में रखे आभूषणों और नकदी का मिलान पूरा होने के बाद ही वास्तविक नुकसान स्पष्ट होगा।

 

error: Content is protected !!