खाकी वाला आशिक, बेवफा पत्नी और छह लाख की सुपारी… बैंक मैनेजर पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज खुलासा…

 

डेस्क/लखनऊ।राजधानी लखनऊ में कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजर अनुराग शुक्ला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। अनुराग की हत्या की साजिश किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी पत्नी आशी मिश्रा ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। इस साजिश में उसका प्रेमी कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही नितिन राणा निकला। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर अनुराग को रास्ते से हटाने के लिए छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की थी। इसके बाद बागपत से शूटर बुलाए गए, कई दिनों तक अनुराग की रेकी की गई और फिर पुरनिया चौराहे के पास उन पर गोली चला दी गई। गनीमत रही कि गोली उनके दाहिने हाथ में लगी और उनकी जान बच गई।

मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी उत्तरी की स्वाट एवं सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस ने पत्नी आशी मिश्रा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में यूपी पुलिस का सिपाही नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत शामिल हैं। वहीं, फायरिंग में शामिल एक अन्य आरोपी मनोज राजपूत अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

2022 में लाइब्रेरी में हुई मुलाकात, 2025 में हुई शादी के बाद भी नहीं टूटा संपर्क

पुलिस की जांच में सामने आया कि आशी मिश्रा और यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा के बीच वर्ष 2022 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात लखनऊ के निरालानगर स्थित मां पब्लिक लाइब्रेरी में हुई थी। उस समय दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए।

वर्ष 2025 में आशी मिश्रा की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई। हालांकि, शादी के बाद भी आशी और नितिन के बीच बातचीत और संपर्क जारी रहा। पुलिस के मुताबिक, नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था, जिसके माध्यम से दोनों आपस में संपर्क में रहते थे।

पति के मोबाइल में दूसरी महिलाओं से बातचीत देख रची गई हत्या की साजिश!

डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक, पूछताछ में आशी मिश्रा ने बताया कि शादी के बाद उसने अपने पति अनुराग शुक्ला का मोबाइल फोन चेक किया था। इस दौरान उसे पति की दूसरी महिलाओं से बातचीत की जानकारी मिली। आशी ने यह बात अपने प्रेमी नितिन राणा को बताई और कहा कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद आशी और नितिन ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दोनों ने तय किया कि अनुराग की हत्या कर दी जाए, ताकि उनके रिश्ते में कोई बाधा न रहे। इस खतरनाक साजिश को अंजाम देने के लिए नितिन ने अपने परिचित मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा और अन्य सहयोगियों से संपर्क किया।

छह लाख में तय हुई सुपारी, बागपत से लखनऊ पहुंचे शूटर

पुलिस के मुताबिक, अनुराग की हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। इस रकम में से कुछ अग्रिम राशि नितिन राणा ने मयंक के भाई शिवम राजपूत को दी थी। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की तैयारी शुरू कर दी।

योजना के तहत 26 अक्टूबर 2026 को मयंक वशिष्ठ और उसके सहयोगी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने अनुराग की गतिविधियों, आने-जाने के रास्तों और उनके ठिकानों की रेकी की। हमलावरों ने पूरी योजना के तहत अनुराग को निशाना बनाने के लिए मौके और समय का चुनाव किया।

पुरनिया चौराहे के पास रात 10:30 बजे बरसाई गोली

28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे अनुराग शुक्ला अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट मातुल्य फास्ट फूड दुकान के बगल में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।

गोली अनुराग के दाहिने हाथ की बाजू में लगी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अनुराग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के संबंध में उनकी शिकायत पर अलीगंज थाने में प्राथमिकी संख्या 210/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पहली फायरिंग के बाद दोबारा हत्या की तैयारी, मेरठ में बिछाया गया पुलिस का जाल

पुलिस के मुताबिक, पहली फायरिंग के बाद भी आरोपियों का इरादा शांत नहीं हुआ था। वे अनुराग पर दोबारा हमला करने की योजना बनाने लगे। इसी सिलसिले में नितिन राणा ने अन्य आरोपियों को मेरठ बुलाया था।

इधर, डीसीपी उत्तरी की स्वाट एवं सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को साजिश की पूरी कड़ी मिल गई। इसके बाद पुलिस टीम ने मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में मलियाना फाटक के पास दबिश दी।

इस कार्रवाई में मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता बताई जा रही आशी मिश्रा को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को दबोच लिया।

फायरिंग में इस्तेमाल तमंचा गायब, रास्ते में फेंकने का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे को रास्ते में कहीं फेंक देने की बात बताई है। फिलहाल पुलिस हथियार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,360 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

शूटरों का पहले से आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मयंक वशिष्ठ का बागपत जिले में पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बड़ौत थाने में चोरी, आपराधिक घटनाओं और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज हैं। वहीं, शुभम शर्मा के खिलाफ भी बागपत के बड़ौत थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार सिपाही नितिन राणा उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर कार्यरत है और उसकी तैनाती लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइन में थी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरी साजिश में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है।

एक फरार आरोपी की तलाश, पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

इस मामले में फरार आरोपी मनोज राजपूत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। विवेचना के दौरान मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) भी बढ़ाई गई है। यह धारा आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित है।

डीसीपी उत्तरी ने मामले का सफल खुलासा करने वाली स्वाट, सर्विलांस और अलीगंज पुलिस की संयुक्त टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

error: Content is protected !!