हजारीबाग के बरही में फिर गूंजी गोलियां….होटल पर बाइक सवार दो अपराधियों की ताबड़तोड़ फायरिंग, ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का पर्चा छोड़कर फरार

 

हजारीबाग।हजारीबाग में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बरही थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एके पैलेस होटल को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से पर्चा जब्त कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

दस दिन पहले मिली थी होटल संचालक को धमकी

इस वारदात में एक नया पहलू भी सामने आया है। होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने पुलिस और मीडिया को बताया कि घटना से करीब दस दिन पहले केदार यादव नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें धमकी दी थी। होटल को लेकर देख लेने की धमकी मिलने के बाद से ही उन्हें अनहोनी की आशंका थी। संचालक ने संदेह जताया है कि इसी धमकी के पीछे जुड़े लोगों के इशारे पर फायरिंग कराई गई हो सकती है। हालांकि, इस आरोप की पुलिस जांच कर रही है।

एके इंटरनेशनल होटल फायरिंग से जुड़ रहे तार

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग की घटना हुई थी। उस वारदात की जिम्मेदारी भी राहुल दुबे गैंग ने ली थी। अब बरही के एके पैलेस होटल पर फायरिंग और मौके से इसी गैंग के नाम का पर्चा मिलने के बाद पुलिस इस घटना को भी उसी गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है।

बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जब्त पर्चे की सत्यता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार होटल और कारोबारियों को निशाना बनाकर हो रही फायरिंग की घटनाओं ने हजारीबाग के व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर अपराधियों के इस दुस्साहस पर लगाम कब लगेगी?

 

error: Content is protected !!