Ranchi:चुटिया के अयोध्यापुरी में पूजा पंडाल में महिलाएं गा रही थी भजन,अचानक चल गई गोली,एक महिला के हाथ को किया जख्मी….

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी रोड नंबर एक में शुक्रवार को अचानक तब गोली चल गई जब पूजा पंडाल में आरती के बाद मुहल्ले की महिलाएँ भजन गा रही थी।हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन एक महिला के हाथ को गोली छूते हुए निकल गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है।अयोध्या पूरी रोड नम्बर एक में सरस्वती पूजा आयोजन किया गया था। पूजा पंडाल में आरती के समय भीड़ भाड़ थी। तभी अचानक गोली चली। वहां अयोध्या पूरी रोड नम्बर 2 की रहने वाली महिला पूनम देवी (52) भी भजन गा रही थी। गोली उनके बांया हाथ को छूकर निकल गई। जख्मी पूनम देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।मामूली जख्म है।

    वही घटना की सूचना चुटिया थाना की पुलिस को दी गई। सूचना पाकर चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर उमा शंकर दलबल के साथ पहुंचकर छानबीन की। गोली किसने चलाई इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। वहा खड़े कुछ लोगो ने आशंका जताया है कि किसी ने आसमान में फायरिंग की होगी। जिसके बाद गोली ऊपर से आकर महिला के हाथ के पास से होकर गुजर गया।महिला के बयान पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस जाँच में जुटी है।वहीं घटना स्थल से पुलिस को एक गोली मिला है।

चुटिया थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि एक महिला के हाथ में गोली लगने की सूचना मिली।सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचकर छानबीन की गई है।हालांकि किसी ने गोली चलते देखा नहीं है।किसने चलाया,किधर से चलाया किसी ने कुछ नहीं बताया है।गोली की आवाज भी किसी को सुनाई नहीं दिया है।लोगों का कहना है कि बाजा बज रहा था इसलिये सुनाई नहीं दिया।मामले की जांच की जा रही है।

 

वही,मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अयोध्यापुरी में दागी किस्म के युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। युवक खुलेआम नशा करते हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इसकी सूचना पुलिस को भी है लेकिन पुलिस की गश्ती अयोध्यापुरी में कम है इस वजह से युवकों का मनोबल काफी बढ़ा रहता है। युवक आए दिन आपस में मारपीट करते हैं और लोगों के साथ गाली गलौज करते हैं। \