रामगढ़ पुलिस ने पांडेय गैंग के दो गुर्गे को हथियार सहित किया गिरफ्तार

 

रामगढ़।झारखण्ड के हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी और रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश के बाद रामगढ़ पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ अब कार्रवाई करने के मूड में नजर आ रही है।इसका लगातार असर भी देखने को मिल रहा है। रामगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया गया और पूरे क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।

14 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे अरगड्डा रोड स्थित बड़का चुम्बा चौक पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां, दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बादल कुमार और सोनू नंदी के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे पांडेय गिरोह के लिए काम करते हैं और जिले के संवेदकों, व्यवसायियों और डीओ होल्डरों से हथियार के बल पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे।इस मामले में रामगढ़ थाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।

error: Content is protected !!