राँची के हेथू गढ़ाटोली में कुएं से मिला विवाहिता का शव, मां ने पति व ससुराल वालों पर हत्या कर साक्ष्य छिपाने का लगाया आरोप, जगरनाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज

 

–11 नवंबर की शाम चाचा ससुर ने फोन कर दी थी कुएं में गिरने की सूचना, नाक से खून व झाग निकलता देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पति कृष्णा लोहरा समेत चार नामजद

राँची।राजधानी के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेथू के गढ़ाटोली स्थित एक कुएं से विवाहिता श्रुति कच्छप का शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। इस मामले में मृतका की मां मुन्नी कच्छप (पति- एतवा कच्छप, निवासी- नगड़ा टोली, राँची) की लिखित शिकायत पर जगरनाथपुर थाना पुलिस ने हत्या कर शव को कुएं में फेंकने और साक्ष्य मिटाने के आरोप में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतका के पति कृष्णा लोहरा, ससुर रामजी लोहरा, सास सुमित्रा देवी और ननद करिश्मा कुमारी को नामजद अभियुक्त बनाते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

चाचा ससुर ने फोन कर दी थी कुएं में गिरने की जानकारी

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की शाम लगभग 5 बजे मृतका के चाचा ससुर ने फोन कर मुन्नी कच्छप को सूचना दी कि उनकी बेटी श्रुति कच्छप की कुएं में गिरने से मौत हो गई है।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे समर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल के गेट पर ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

नाक से निकल रहा था खून व झाग, प्रताड़ना का भी आरोप

मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने अपनी बेटी के शव को देखा, तो उसकी नाक से खून और झाग निकल रहा था। शव की स्थिति देखकर साफ प्रतीत हो रहा था कि यह कुएं में गिरने का हादसा नहीं है, बल्कि उसकी निर्मम हत्या कर सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंका गया है। मुन्नी कच्छप ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने पूर्व में कई बार अपने पति और ससुराल वालों के साथ होने वाले लड़ाई-झगड़े की जानकारी उन्हें दी थी।

error: Content is protected !!