अवैध कोयला कारोबार पर गिरी गाज…मधुपुर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राजीव कुमार सस्पेंड, 24 टन कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने के बाद DIG का बड़ा एक्शन…

–देवघर में कोयला तस्करी के मामले ने पकड़ा तूल, थाना प्रभारी पर गिरी निलंबन की गाज;छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी,चालक ट्रक छोड़कर फरार

देवघर।झारखण्ड में अवैध कोयला कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में अवैध कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) ने मधुपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थाना प्रभारी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई की पुष्टि देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने की है। एसपी के अनुसार,कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने में चूक के कारण यह कार्रवाई की गई है।

24 टन अवैध कोयला लदा 14 चक्का ट्रक जब्त

जानकारी के अनुसार, मधुपुर थाना क्षेत्र में 8 नवंबर को पुलिस गश्ती के दौरान अवैध कोयला परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम लखनुआ गांव की ओर पहुंची। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक तेजी से जाता दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा किया तो लखनुआ-माधोपुर मार्ग पर ठेठवाजोर जोरिया पुल के पास ट्रक फंस गया। पुलिस को सामने देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें करीब 23 से 24 टन कोयला लदा मिला। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर एनएल-01-एसी-4638 बताया गया है। कोयले के परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक और कोयले को जब्त कर लिया। ट्रक को मौके से निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी।

छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी

इस मामले में एएसआई बागुन मार्डी की शिकायत पर मधुपुर थाना में कांड संख्या 228/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें विजय राय, अंकित राय, मोहम्मद फारूख, राहुल सिंह, मोहम्मद मताउद्दीन और मोहम्मद फैसल के नाम शामिल हैं। इनके अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कोयला कहां से लाया गया था, इसे कहां भेजने की तैयारी थी और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

थाना प्रभारी पर DIG की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल

अवैध कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने के बाद मधुपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार पर भी कार्रवाई हुई। DIG ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी प्रवीण पुष्कर ने भी इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही को लेकर यह दंडात्मक कदम उठाया गया है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अवैध कोयला कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में आगे किन लोगों के नाम सामने आते हैं और पुलिस इस धंधे पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाती है।

 

error: Content is protected !!