दनुआ घाटी हादसे का सबसे दर्दनाक मंजर: एक साथ उठीं पांच अर्थियां, 3 साल के मासूम ने माता-पिता को दी मुखाग्नि
बगोदर (गिरिडीह)।हजारीबाग के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। हादसे में जान गंवाने वालों के शव सोमवार देर शाम जब गांव पहुंचे, तो बिहारो गांव में चीख-पुकार मच गई। हर घर में मातम और हर आंख में आंसू थे। मंगलवार को बगोदर प्रखंड की मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव में जब एक साथ पांच अर्थियां उठीं, तो पूरा इलाका गमगीन हो गया। लेकिन इस मातमी माहौल में जो दृश्य सामने आया, उसने हर किसी का कलेजा चीर दिया। महज तीन साल के मासूम साजन कुमार ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी।जिस उम्र में बच्चे मां-बाप की गोद में खेलते हैं, उनकी उंगली पकड़कर चलना सीखते हैं, उस उम्र में साजन को अपने माता-पिता को हमेशा के लिए विदा करना पड़ा। हादसे ने इस मासूम के सिर से मां और पिता दोनों का साया छीन लिया।
पिता को अंतिम विदाई देने निकला था बेटा, खुद भी बन गया अर्थी का हिस्सा
इस हादसे की सबसे दर्दनाक कहानी राजू प्रजापति के परिवार की है। राजू अपने पिता कुंजो कुम्हार (70) का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहा था। परिवार के अन्य सदस्य भी उसके साथ थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि पिता को अंतिम विदाई देने निकला यह सफर पूरे परिवार के लिए काल बन जाएगा।
चौपारण की दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में राजू और उसकी पत्नी सावित्री देवी की भी मौत हो गई। जिस पिता को अंतिम संस्कार के लिए राजू लेकर निकला था, उसी पिता के साथ बेटे और बहू की अर्थी भी गांव पहुंची। मंगलवार को तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों पर टूटा यह दुख गांव के लोगों को झकझोर गया।
श्मशान में खामोश खड़ा रहा मासूम, बिलखती रहीं दोनों बहनें
बिहारो गांव के श्मशान घाट पर मंगलवार को सबसे हृदयविदारक दृश्य तब देखने को मिला, जब तीन साल के साजन ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। आसपास दादा, पिता, मां और बड़ी मां की चिताएं सजाई गई थीं। मासूम साजन शायद इस दर्द की गहराई समझ भी नहीं पा रहा था, लेकिन उसकी जिंदगी से माता-पिता हमेशा के लिए दूर हो चुके थे।
वहीं, उसकी दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दृश्य को देखकर श्मशान घाट पर मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके। जिसने भी मासूम को अपने माता-पिता को अंतिम विदाई देते देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।
एक साथ पांच चिताएं जलीं, गांव में पसरा मातम
सोमवार देर शाम बिहारो गांव पहुंचे शवों का मंगलवार को तालाब स्थित घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में जान गंवाने वाले कुंजो कुम्हार (70), राजू प्रजापति (30), सावित्री देवी (25), बुधनी देवी (45) और रामकिशुन मंडल का अंतिम संस्कार एक साथ हुआ। पांच अर्थियां एक साथ उठीं और पांच चिताएं एक साथ जलीं। गांव में ऐसा मातमी माहौल था कि लोगों के पास पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए भी शब्द नहीं थे।
बगोदर, चलकुशा और सरिया के छह परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
दनुआ घाटी हादसे में बगोदर, चलकुशा और सरिया क्षेत्र के कुल छह लोगों की जान चली गई। बिहारो गांव के पांच मृतकों के अलावा बरकट्ठा प्रखंड के चलकुशा निवासी ढोकल पंडित और सरिया थाना क्षेत्र की चिरुवा पंचायत के करंबा गांव निवासी रामेश्वर पंडित भी हादसे के शिकार हुए। हादसे के बाद तीनों क्षेत्रों में शोक की लहर है।
तीन महिलाओं की हालत गंभीर, रिम्स में चल रहा इलाज
हादसे में घायल रुबिया देवी, दीपनी देवी और उगनी देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए तीनों को रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। इसके अलावा विनोद साहू, सरजू महतो, परमेश्वर पंडित, डिली प्रजापति, जितेंद्र पंडित, विष्णु पंडित, सीताराम पंडित, फागुन पंडित, लखन पंडित और मोती देवी समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। कुल 12 घायलों में सवारी गाड़ी का चालक और खलासी भी शामिल हैं।

