धुर्वा में अज्ञात शव बरामदगी का खुलासा, मृतक की हुई बिट्टू सिंह के रूप में पहचान, पिता ने अज्ञात अपराधियों पर दर्ज कराया हत्या का केस

 

राँची। राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर से कुछ काम बताकर निकला 31 वर्षीय युवक रातभर वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश और फोन से संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मोबाइल बंद मिलने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अगले दिन सुबह व्हाट्सऐप ग्रुप में एक अज्ञात शव की तस्वीर वायरल हुई। जब परिजनों ने तस्वीर देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। तस्वीर में दिख रहा शव उनके बेटे का था। इसके बाद पिता ने धुर्वा थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रात 10 बजे घर से निकला, 12 बजे तक नहीं लौटा

धुर्वा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता ओम प्रकाश सिंह (पिता स्वर्गीय जनार्दन सिंह), निवासी बी-2/385टी, सेक्टर-9, शर्मा मार्केट, धुर्वा ने बताया है कि उनका बेटा मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह (करीब 31 वर्ष) 5 नवंबर 2026 की रात लगभग 10 बजे घर से यह कहकर निकला था कि कुछ काम है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा।

रात 12 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन करना शुरू किया। हालांकि, उसका फोन स्विच ऑफ बताने लगा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब बेटे का कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई।

व्हाट्सऐप पर वायरल हुई शव की तस्वीर, देखते ही पहचान गए पिता

आवेदन में पिता ने बताया है कि 6 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे एक व्हाट्सऐप ग्रुप में अज्ञात शव की तस्वीर प्रसारित की गई थी। बताया गया था कि सिटियो इलाके में सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। तस्वीर देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान अपने बेटे मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के रूप में की।पिता के अनुसार, शव की तस्वीर देखने के बाद उन्होंने संबंधित स्थान पर जाकर भी पहचान की। उनका आरोप है कि किसी अज्ञात अपराधी ने उनके बेटे की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया है।

शरीर पर चोट के निशान, पिता ने जताई हत्या की आशंका

पुलिस को दिए आवेदन में पिता ने शव की स्थिति का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, बेटे के शरीर पर चोट के निशान थे और नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई। सिर पर भी चोट के निशान होने का आरोप लगाया गया है। पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को वहां फेंका गया।

अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

ओम प्रकाश सिंह ने धुर्वा थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस के पास दिए गए आवेदन में उन्होंने अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पूरे मामले का खुलासा करने का आग्रह किया है।

फिलहाल इस मामले में हत्या के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह घर से निकलने के बाद कहां गया था और उसकी मौत के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

error: Content is protected !!