कोडरमा में पुलिस को कुचलने की कोशिश…कोयला लदे 12 चक्का ट्रक ने पीछा कर रही पुलिस वाहन को मारी टक्कर, सड़क पर पलटी गाड़ी;जवान गंभीर, मचा हड़कंप
कोडरमा। झारखण्ड में कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। कोयला लदे 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही चंदवारा पुलिस की बोलेरो को ट्रक ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पुलिस वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में पुलिस जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो में सवार अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना शनिवार को चंदवारा थाना क्षेत्र के मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के समीप हुई।
पीछा करते-करते मौत के मुहाने तक पहुंची पुलिस की गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, चंदवारा पुलिस कोयला लदे एक 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस की बोलेरो लगातार ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के पास अचानक ट्रक ने पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
बोलेरो में फंसे जवानों को स्थानीय लोगों ने निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने सहयोग किया। इस दुर्घटना में जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आने की जानकारी है।
पुलिस ने ट्रक को पकड़ा, जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोयला लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़ लिया और जब्त कर थाने ले गई। पुलिस अब ट्रक चालक से पूछताछ करने के साथ कोयले से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। रेलवे ओवरब्रिज के समीप हुए इस हादसे के बाद काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस के पीछा करने के दौरान ट्रक की टक्कर दुर्घटनावश हुई या चालक ने जानबूझकर पुलिस वाहन को निशाना बनाया। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

