बोकारो में सुबह-सुबह गोलीकांड से हड़कंप, बाइक धीमी करते ही युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के नावाडीह में शनिवार की सुबह उस वक्त गोलियों की आवाज से इलाका दहल उठा, जब पेट्रोल लेने जा रहे एक युवक पर अचानक पिस्टल से फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के जबड़े को छूती हुई निकल गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घटना नावाडीह थाना क्षेत्र के बासीबेड़ा टोला की है। घायल युवक की पहचान कुलदीप महतो उर्फ सावन कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बाइक की रफ्तार धीमी की और चला दी गोली
घायल कुलदीप ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह अपनी बाइक की डिक्की में पेट्रोल की बोतल रखकर पेट्रोल पंप जा रहा था। घर से कुछ दूरी पर बगीचे के पास एक छोटी पुलिया है। वहां कुछ बच्चे खेल रहे थे, जिन्हें देखकर उसने बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कारू महतो ने अचानक पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली उसके जबड़े को छूती हुई निकल गई।
चाचा का दावा- पहले से आपराधिक गतिविधियों में रहा है आरोपी
घायल के चाचा खेमलाल महतो ने बताया कि कुलदीप का किसी के साथ कोई पुराना विवाद या झगड़ा नहीं था। वह शांत स्वभाव का युवक है। उन्होंने आरोपी कारू महतो पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने और पहले जेल जाने का आरोप लगाया। परिजनों का दावा है कि आरोपी अक्सर अवैध हथियार लेकर घूमता था।
गोली चलाकर खेत के रास्ते जंगल में भागा हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, फायरिंग करने के बाद आरोपी खेत की मेड़ पकड़कर पास के जंगल की ओर भाग निकला। अचानक हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंची पुलिस, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना की पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल कुलदीप महतो का फर्दबयान दर्ज किया। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और आसपास के जंगलों में छापेमारी की जा रही है।

