गोड्डा में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या से सनसनी: खेत में मिला सिर कटा शव, रात के अंधेरे में घर से गायब हुई थी मासूम; इलाके में दहशत
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह खेत में बच्ची का सिर कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव से सिर गायब था। इस खौफनाक मंजर को देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बच्ची बुधवार की रात अपने माता-पिता के साथ घर में सोई हुई थी। परिजनों के मुताबिक, रात में किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि बच्ची कब घर से गायब हो गई। आशंका जताई जा रही है कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति उसे घर से उठाकर खेत की ओर ले गया। हालांकि, बच्ची घर से कैसे निकली और उसे किसने निशाना बनाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
करीब 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची नीतू मरांडी, पिता तलवा मरांडी का शव बहियार में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मिली जानकारी के मुताबिक, नीतू मरांडी रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सोई हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात उसे घर से निकालकर घर के पीछे ले जाया गया, जहां तेज धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। घटना के बाद बच्ची का सिर गायब है।
गुरुवार सुबह खेत में बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। शव का सिर गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
हत्या के पीछे क्या है वजह, कई पहलुओं पर जांच
बच्ची की इस निर्मम हत्या के पीछे की वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव की स्थिति को देखते हुए अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों से जुड़े पहलू की आशंका भी जांच के दायरे में हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।
12 साल की मासूम के साथ हुई इस खौफनाक वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बच्ची को घर से कौन ले गया? उसकी हत्या किसने की और शव से सिर गायब करने के पीछे क्या मकसद था? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।

