धनतेरस की खरीदारी के बीच अपराधियों पर पुलिस की नजर, बैंक मोड़ से सरायढेला तक डीएसपी की पैदल गश्त

 

धनबाद। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख बाजारों, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसी कड़ी में मंगलवार रात को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने बैंक मोड़, पुराना बाजार और सरायढेला थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ज्वेलरी दुकानों, इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी से लेकर सुरक्षा इंतजाम तक की जांच

निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दीपावली तक बाजारों में नियमित पुलिस गश्त जारी रहेगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा पर फोकस

धनतेरस पर सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। धनबाद पुलिस ने त्योहार के दौरान आम लोगों, व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। पुलिस का प्रयास है कि धनतेरस और दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

error: Content is protected !!