न्याय की आस में थाने पहुंची महिला, खाकी पर ही लगा दुष्कर्म का आरोप; आरोपी पुलिसकर्मी हिरासत में…

 

सरायकेला। झारखण्ड में कानून की रखवाली करने वाली खाकी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप थाना परिसर के भीतर तैनात एक पुलिसकर्मी पर लगा है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने आरोप लगाया है कि रात में उसे सोने के लिए एक कमरा दिया गया था, जहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पीड़िता गम्हरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। गुरुवार को पति के साथ घरेलू विवाद से परेशान होकर वह न्याय की उम्मीद में थाने पहुंची थी। महिला के आरोप के मुताबिक, पुलिस उसे थाने लेकर आई थी। रात अधिक होने के कारण उसे थाना परिसर के एक कमरे में सोने के लिए कहा गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर उसके कमरे में पहुंचा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान उसने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई उसकी सहायता के लिए नहीं पहुंचा। इसके बाद उसने पास में पड़े चाकू से आरोपी पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गया और वहां से चला गया।महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि सुबह जब उसने दूसरे पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई तो उसे न्याय दिलाने के बजाय पैसे देकर घर जाने को कहा गया। इसके बाद उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार देर रात एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाने पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले उस कमरे को बंद कर सुरक्षित कराया, जहां महिला ने घटना होने का आरोप लगाया है। साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए कमरे को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। वहीं संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसडीपीओ ने पीड़िता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उसे लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया है, ताकि प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा सके।

दूसरी ओर, आरोपी पुलिसकर्मी ने महिला के आरोपों को गलत बताते हुए पूरे मामले को मनगढ़ंत बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।

error: Content is protected !!