राँची में रिटायर्ड प्रोफेसर के घर नाबालिग की संदिग्ध मौत से सनसनी:दूसरे तल्ले के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, प्रेम प्रसंग की आशंका; FSL टीम ने की जांच
राँची। राजधानी राँची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डंगराटोली में शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी। किशोरी का शव घर के दूसरे तल्ले पर स्थित एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। वह डोरंडा कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एनपी लकड़ा के घर में काम करती थी और उसी मकान में रहती भी थी। मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही घर में अफरा-तफरी मच गयी। तत्काल लोअर बाजार थाना पुलिस को सूचना दी गयी। नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

लड़की प्रोफेसर एनपी लकड़ा के डंगराटोली स्थित आवास के दूसरे तल्ले पर बने एक कमरे में रहती थी। शुक्रवार को काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो घर के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद जब कमरे में जाकर देखा गया तो किशोरी संदिग्ध हालत में लटकी मिली। यह दृश्य देखते ही घर के लोगों के होश उड़ गये। आनन-फानन में इसकी सूचना लोअर बाजार थाना पुलिस को दी गयी।वहीं ,लड़की का शव कमरे में लटकता रोड से दिख रहा था।ये दृश्य देख लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के साथ पहुंची FSL टीम, रिम्स भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये और जांच की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोरी ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है।
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच, पुलिस ने जतायी आशंका
मामले को लेकर राँची के सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
वहीं, लोअर बाजार थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर लव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है। इसी एंगल से भी जांच की जा रही है। आशंका जतायी जा रही है कि प्रेम प्रसंग के कारण किशोरी ने आत्महत्या की होगी। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं। लातेहार की रहने वाली नाबालिग लड़की किन परिस्थितियों में राँची में रहकर काम कर रही थी, उसकी मौत से पहले क्या हुआ था और क्या प्रेम प्रसंग ही इस घटना की वजह बना, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

