लोहरदगा में गर्भवती प्रेमिका को कुएं में धकेलकर फरार हुआ प्रेमी, पूरी रात जिंदगी और मौत से जूझती रही युवती

 

लोहरदगा। शादी की मांग करना एक युवती को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान बचाने के लिए पूरी रात गहरे कुएं में संघर्ष करना पड़ा। झारखण्ड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपनी गर्भवती प्रेमिका को कुएं में धकेलकर फरार होने का गंभीर आरोप लगा है। मंगलवार की सुबह कुएं से युवती की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना झालजमीरा पंचायत के झालजमीरा पीपर टोली गांव की बताई जा रही है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग, फिर शादी को लेकर विवाद

पीड़िता के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान युवक से हुई थी। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद वह युवक पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक सोमवार की रात उसे गांव के एक सुनसान स्थान पर ले गया और वहां स्थित गहरे कुएं में धकेलकर फरार हो गया।

अंधेरी रात में कुएं के भीतर मदद के लिए लगाती रही गुहार
कुएं में गिरने के बाद युवती पूरी रात वहीं फंसी रही। अंधेरे और गहरे कुएं के बीच वह मदद की आस में रातभर तड़पती रही। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें कुएं से किसी युवती के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवती कुएं के अंदर मिली। इसके बाद लोगों ने रस्सी की मदद से उसे बाहर निकाला।

अस्पताल में इलाज, गर्भस्थ शिशु भी सुरक्षित
कुएं से बाहर निकाले जाने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सेन्हा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। प्रारंभिक जांच में युवती की हालत खतरे से बाहर बताई गई। चिकित्सकीय जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई और गर्भस्थ शिशु को भी सुरक्षित बताया गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

error: Content is protected !!