राँची के धुर्वा डैम में मिली 25 वर्षीय युवती की लाश, हादसा या आत्महत्या… जांच में जुटी पुलिस
राँची। राजधानी राँची के धुर्वा डैम में रविवार को एक युवती की डूबने से मौत हो गई। कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के बाद एनडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने गहरे पानी से युवती का शव बरामद किया। मृतका की पहचान जगन्नाथपुर खटाल निवासी रानी कुमारी (25 वर्ष), पिता बिखन राय के रूप में हुई है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हादसे और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती धुर्वा डैम में डूब गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद डैम में तलाशी अभियान शुरू किया गया। गहरे पानी में युवती की तलाश के लिए एनडीआरएफ के गोताखोरों को लगाया गया।कई घंटों की मशक्कत के बाद रविवार दोपहर बाद डीप डाइवर्स की टीम ने रानी कुमारी का शव पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय के अनुसार, युवती की मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई या मामला आत्महत्या का है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस युवती के डैम तक पहुंचने और उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
एनडीआरएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, शव बरामद होने के बाद उसे परिजनों की मौजूदगी में एएसआई ललन कुमार को सौंप दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवती की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल नगड़ी थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

