लोहरदगा में हाइवा का कहर… पूर्व प्रखंड प्रमुख के दो भाइयों की मौत, शव सड़क पर रख ग्रामीणों का हंगामा

 

लोहरदगा। लोहरदगा के कुड़ू में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पूर्व प्रखंड प्रमुख परिखा मुंडा के दो भाइयों की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बड़की चांपी चौक पर दोनों के शव सड़क पर रखकर शंखनदी-लुकुइया मुख्य पथ जाम कर दिया। ग्रामीण हादसे में शामिल हाइवा से जुड़ी BKB कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। सड़क जाम से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

बाजार से घर लौट रहे थे दोनों, हाइवा ने बाइक को लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के दुबांग गांव निवासी जुगेश मुंडा और उनके चचेरे भाई बजरंग मुंडा शनिवार को लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कुजरा गांव में लगे बाजार गए थे। शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़की चांपी जरियों के समीप कमले साइडिंग से बॉक्साइट खाली कर हेसल साइडिंग लौट रहे एक हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि बजरंग मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुगेश मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लोहरदगा सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स,राँची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई।

दोनों शव लेकर चौक पहुंचे परिजन, कंपनी प्रबंधन को बुलाने पर अड़े

सोमवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों शवों को लेकर बड़की चांपी चौक पहुंचे। यहां शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया गया। ग्रामीणों की मांग है कि BKB कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचें और उनके साथ बातचीत करें। उनका कहना है कि अधिकारियों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर बात होगी।

पुलिस मौके पर, सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार
सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, दोनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद कुड़ू पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने के साथ स्थिति संभालने में जुटी है।

 

error: Content is protected !!