खौफनाक वारदात: 12 साल के बच्चे का कचिया से काटा गला, गुस्साई भीड़ ने कथित आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

 

मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के इटहरी गांव में 12 वर्षीय मासूम सुमित कुमार की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी की भी मौत हो गई। एक ही घटना में दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल है।

मृतक सुमित कुमार, रतनपुरा पंचायत के इटहरी गांव स्थित वार्ड-12 के निवासी सचेन ठाकुर का पुत्र था। वहीं, कथित आरोपी की पहचान बराही गांव के वार्ड-8 निवासी राजकिशोर यादव के पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे तीन बच्चे घर से इटहरी पुल की ओर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान अनिल कुमार पर सुमित को पकड़कर कचिया से उसका गला काटने का आरोप है। घटना को देखकर साथ गए दोनों बच्चे शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कथित आरोपी को पकड़ लिया।

मासूम की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने कथित आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दो मौतों के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, घंटों जाम रहा रास्ता
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घैलाढ़-मधेपुरा और घैलाढ़-सिंहेश्वर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क जाम के कारण कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर डीएसपी अजय कुमार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मौके से कचिया और मोबाइल बरामद, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान मौके से एक धारदार कचिया और मोबाइल बरामद किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

हत्या की वजह से लेकर भीड़ की हिंसा तक, हर पहलू की जांच
पुलिस अब 12 वर्षीय सुमित की हत्या के कारणों, कथित आरोपी की मौत की परिस्थितियों और घटना के समय मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ गए दोनों बच्चों से मिली जानकारी भी मामले की जांच में अहम हो सकती है।फिलहाल, दोनों मौतों से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी। इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं, वहीं कथित आरोपी की भीड़ की पिटाई से हुई मौत ने कानून हाथ में लेने के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!