राँची पहुंची टीम इंडिया और वेस्टइंडीज, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत; प्रशंसकों में जोश, 9 अक्टूबर को JSCA में महामुकाबला
राँची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले को लेकर राँची में क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंचने लगा है। बुधवार को दोनों टीमें राजधानी राँची पहुंच गयीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के पहुंचते ही माहौल में क्रिकेट की हलचल बढ़ गयी। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी अलग-अलग बसों से कड़ी सुरक्षा के बीच होटल के लिए रवाना हुए।दोनों टीमों के राँची पहुंचने के साथ ही अब निगाहें 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले पर टिक गयी हैं। यह मुकाबला राँची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जायेगा।
पहले मैच में भारत की जीत, राँची में सीरीज कब्जाने का मौका
सीरीज के पहले टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत दर्ज कर बढ़त बना ली है। ऐसे में राँची में होने वाला दूसरा मुकाबला टीम इंडिया के लिए सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका होगा। भारतीय खिलाड़ी जीत की लय बरकरार रखते हुए बढ़त को और मजबूत करना चाहेंगे।दूसरी ओर वेस्टइंडीज के सामने सीरीज में वापसी की चुनौती होगी। ऐसे में राँची की पिच पर दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों की एक झलक के लिए उत्साहित दिखे क्रिकेट प्रेमी
भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के राँची पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना। एयरपोर्ट के आसपास मौजूद लोगों की नजरें टीम बसों पर टिकी रहीं। प्रशंसकों में अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने को लेकर खासा उत्साह दिखा।टीम बसों के एयरपोर्ट से निकलते ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच मुकाबले को लेकर चर्चा और तेज हो गयी। राजधानी में जगह-जगह अब 9 अक्टूबर के मुकाबले का माहौल महसूस होने लगा है।
एयरपोर्ट से होटल तक सुरक्षा का घेरा
दोनों टीमों की सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट से लेकर होटल तक विशेष इंतजाम किये गये थे। टीम बसों के आवागमन के दौरान पुलिस बल की तैनाती रही। खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे रूट पर भी निगरानी रखी गयी।वहीं, जेएससीए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में भी मैच को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अभ्यास के बाद मैदान पर होगा असली मुकाबला
राँची पहुंचने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। अभ्यास के दौरान खिलाड़ी राँची की परिस्थितियों और पिच को समझने की कोशिश करेंगे। इसके बाद 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।भारत के सामने जहां जीत की लय कायम रखते हुए सीरीज में बढ़त मजबूत करने की चुनौती होगी, वहीं वेस्टइंडीज के खिलाड़ी पिछली हार का हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेंगे।टीमों के राँची पहुंचते ही अब मुकाबले का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। क्रिकेट प्रेमियों को इंतजार है उस शाम का, जब जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच गेंद और बल्ले की जोरदार जंग देखने को मिलेगी।

