पति के कथित अवैध-संबंध का विवाद,फिर रेलवे ट्रैक पर मिला 26 वर्षीय महिला का शव;माँ ने लगाया हत्या का आरोप
गिरिडीह।ज़िले के डुमरी थाना क्षेत्र के इसरी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक 26 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पारसनाथ स्टेशन की रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 316/27 के पास मिला। मृतका की पहचान इसरी के गट्ठीगढ़ा निवासी किरण देवी के रूप में हुई है। महिला का करीब तीन वर्षीय बेटा भी है।
रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ, पीडब्ल्यूआई और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बाद में परिजनों ने शव की पहचान किरण देवी के रूप में की।

मृतका की मां गीता देवी ने बताया कि किरण की शादी वर्ष 2021 में इसरी के गट्ठीगढ़ा निवासी महेश ठाकुर के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का करीब तीन वर्षीय बेटा भी है। मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।गीता देवी ने आरोप लगाया कि महेश ठाकुर का एक रिश्तेदार की भाभी के साथ कथित तौर पर संबंध था। इसी बात को लेकर किरण और उसके पति के बीच लगातार विवाद होता था। मां के मुताबिक, विवाद के दौरान किरण के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी।
मृतका की मां के अनुसार, पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।अब रेलवे ट्रैक पर किरण का शव मिलने के बाद मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला की मौत हत्या है, आत्महत्या है या हादसा,इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

