सुबह-सुबह साहिबगंज में मर्डर से सनसनी, मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति का गला रेता
साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज में रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास सड़क किनारे गौर चंद्र बागती का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
मोहनपुर गांव निवासी गौर चंद्र बागती रोजाना सुबह टहलने के लिए निकलते थे। रविवार को भी वह तड़के घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास सुनसान जगह पर अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। आशंका है कि हमलावरों ने पहले उन्हें रोका और फिर धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह सड़क पर पड़ा मिला शव, मची अफरा-तफरी
सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ व्यक्ति को पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पहचान होने पर पता चला कि मृतक गौर चंद्र बागती हैं। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ और इंस्पेक्टर
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए संभावित साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
हत्यारों की तलाश में छापेमारी, वजह अभी रहस्य
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें हत्यारों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की इस तरह हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

