जमशेदपुर में दिनदहाड़े करोड़ों की बैंक डकैती से हड़कंप: रेनकोट पहनकर घुसे 6 बदमाश, गार्ड को पीटा, मैनेजर से गन प्वाइंट पर खुलवाया चेस्ट

जमशेदपुर। झारखण्ड के जमशेदपुर में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में सुबह करीब साढ़े नौ बजे 5-6 हथियारबंद अपराधी रेनकोट पहनकर दाखिल हुए और बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट की और बैंक मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अपराधी बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकदी निकाल ले गए। इसके अलावा लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण भी लूट लिए गए हैं। शुरुआती अनुमान में लूटे गए जेवरात की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है, हालांकि बैंककर्मियों द्वारा कैश और आभूषणों का मिलान किया जा रहा है। लूट की कुल रकम और सोने की आधिकारिक मात्रा अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

रेनकोट पहनकर बैंक में घुसे बदमाश
बताया गया कि घटना के वक्त बैंक खुला ही था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान करीब 5-6 अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक के अंदर घुस गए। बारिश का फायदा उठाते हुए रेनकोट पहनने से अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। बैंक में घुसते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।

विरोध करने पर गार्ड को बंदूक की बट से पीटा
बैंक के गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और बंदूक की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद हथियारों के बल पर बैंक में मौजूद कर्मचारियों को डराकर अपराधियों ने पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया।

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट
गार्ड को काबू में करने के बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे। हथियार के बल पर मैनेजर को धमकाते हुए उनसे बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। चेस्ट खुलते ही अपराधियों ने उसमें रखे 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिए।
इसके बाद बदमाशों ने लॉकर में रखे स्वर्णाभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। कुछ ही देर में बैंक के अंदर लूट का पूरा खेल खत्म कर अपराधी वहां से निकल गए।

दो बाइक से फरार हुए अपराधी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी डकैती की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस पहुंची
बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
अपराधियों की तलाश में आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और अपराधियों के बारे में सुराग जुटाने में लगी है।

करोड़ों की लूट से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद अपराधियों के घुसने, कर्मचारियों को बंधक बनाने, गार्ड को घायल करने और चेस्ट व लॉकर से नकदी-जेवरात लूटकर फरार हो जाने की घटना ने जमशेदपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और लूटे गए कैश व जेवरात की बरामदगी है।

हालांकि बैंक की ओर से कैश और आभूषणों का मिलान पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने रुपये और कितने मूल्य के स्वर्णाभूषण की लूट हुई है।

 

error: Content is protected !!