रिम्स में इलाज करा रहा पत्नी की हत्या का आरोपी फरार,पाकुड़ पुलिस के तीन जवानों को चकमा देकर भागा कैदी

 

राँची। रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। मेडिसिन आईसीयू में इलाज के लिए भर्ती पत्नी की हत्या के आरोपी कैदी हथिया हेम्ब्रम ने बुधवार तड़के सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के फरार होने की घटना के बाद रिम्स से लेकर पुलिस महकमे तक हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कैदी की सुरक्षा में पाकुड पुलिस के भी तीन पुलिसकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद वह भागने में सफल रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26, दिनांक 28 जुलाई 2026, में हथिया हेम्ब्रम करीब 55 वर्ष आरोपी है। उसके खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत पत्नी की हत्या के आरोप में मामला दर्ज है। वह पाकुड़ मंडल कारा में बंद था। ब्रेन से संबंधित समस्या के बाद उसे इलाज के लिए रिम्स भेजा गया था।

शौच जाने के बहाने निकला, फिर हो गया फरार
पाकुड़ पुलिस के अनुसार हथिया हेम्ब्रम को 19 सितंबर 2026 को तीन पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में मंडल कारा, पाकुड़ से रिम्स राँची इलाज के लिए भेजा गया था। रिम्स के मेडिसिन आईसीयू में उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टर ऋषि गुड़िया की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा था।बताया गया कि 22 और 23 सितंबर की दरम्यानी रात करीब चार बजे कैदी ने शौच जाने की बात कही। वह बाथरूम की ओर गया और इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर रिम्स परिसर से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब कैदी के गायब होने का पता चला तो सुरक्षा कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही रिम्स अधीक्षक मेडिसिन आईसीयू पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं, कैदी के फरार होने की सूचना तत्काल बरियातू थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते बरियातू पुलिस रिम्स पहुँच कर छानबीन की और फरार कैदी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, हथिया हेम्ब्रम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!