खटाल में फंदे से झूलता मिला युवक का शव, घर से दूर मौत पर उठे सवाल; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

राँची।राजधानी राँची के विधानसभा थाना क्षेत्र के तिरिल बस्ती में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खटाल में 45 वर्षीय पवन सिंह नामक व्यति का शव फंदे से झूलता हुआ मिला। पवन सिंह तिरिल लावेद का रहने वाला था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पवन का शव उसके अपने घर में नहीं, बल्कि दूसरे स्थान पर स्थित खटाल में फंदे से क्यों मिला?

घटना की जानकारी मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पवन की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पवन की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने शव पर कुछ चोट के निशान होने की भी बात कही है।

इधर, मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस भी आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पवन खटाल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

विधानसभा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन उससे पहले परिजन शव को फंदे से उतार चुके थे। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पवन सिंह की मौत फंदे पर लटकने से हुई या मामला कुछ और है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

error: Content is protected !!