मेडिकल लीव के लिए 25 हजार रिश्वत की मांग, 10 हजार लेते रेलवे के चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर को CBI ने दबोचा

 

बोकारो। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के मामले में दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन अंतर्गत भोजूडीह में पदस्थापित चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार आरोपी अधिकारी पर मेडिकल लीव स्वीकृत करने के एवज में शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की अनुचित राशि मांगने का आरोप है। मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मेडिकल लीव के लिए मांगे थे 25 हजार
CBI की प्रेस रिलीज के मुताबिक, आरोपी चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद 15 सितंबर को ही मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मेडिकल लीव की मंजूरी के लिए अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद CBI ने शिकायत की पुष्टि के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।

10 हजार रुपये लेते ही CBI ने दबोचा
शिकायत के आधार पर CBI की टीम ने जाल बिछाया। ट्रैप के दौरान आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। सीबीआई ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। यानी जिस 25 हजार रुपये की कथित मांग की गई थी, उसकी पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते ही अधिकारी CBI के शिकंजे में आ गया।

कार्यालय और आवास पर भी तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी अभियान चलाया। CBI के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।

error: Content is protected !!