चतरा में नाबालिग युवती की हत्या से सनसनी, चेहरा क्षत-विक्षत; हत्यारे की तलाश में पुलिस
चतरा। जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवती का शव देखा। युवती की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके शरीर पर चोट और मारपीट के निशान मिले हैं, जबकि चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल युवती की पहचान और उसके बेसरा गांव तक पहुंचने को लेकर है। वह कहां की रहने वाली थी और किन परिस्थितियों में यहां पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवती की हत्या बेसरा गांव में ही की गई या कहीं और वारदात को अंजाम देने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया।
शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशान घटना को गंभीर बना रहे हैं। युवती के चेहरे को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने के लिए भी उसके चेहरे को क्षतिग्रस्त किया गया हो सकता है।
कुंदा थाना पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। युवती की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत कैसे हुई और घटना को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।वहीं,स्थानीय लोगों ने आशंका जताया है कि लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई।पुलिस सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

