दिनदहाड़े महिला के गले से दो लाख की सोने की चेन झपटी, बाइक सवार दो बदमाश फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
बोकारो। चास थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब दो लाख रुपये कीमत की सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना करीब दोपहर 12 बजे बेंदीटॉड़-जोधाडीह मोड़ के पास की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार कैलाश विहार निवासी विभा सब्जी लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उनके करीब पहुंचे। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट खींच लिया।
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। जब तक वह शोर मचातीं या आसपास के लोग कुछ समझ पाते, दोनों बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो चुके थे। पीड़िता के अनुसार छीनी गयी सोने की चेन और लॉकेट की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों ने हेलमेट नहीं पहना था। ऐसे में पुलिस को उम्मीद है कि आसपास लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की तस्वीरें या उनकी बाइक कैद हुई होगी।घटना की सूचना मिलने के बाद चास थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों के भागने वाले रास्ते का पता लगाने के साथ उनकी पहचान करने में जुटी है। बाइक के नंबर और हुलिए के आधार पर भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

