प्रेमिका की हत्या के बाद शव को बोरे में पैक किया, बाइक से भागा; पुलिस नाके पर धराया सनकी आशिक
पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में प्रेम संबंध में शक ने एक युवक को ऐसा सनकी बना दिया कि उसने अपनी प्रेमिका की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद भी उसका खौफनाक खेल यहीं नहीं रुका। आरोपी ने युवती की लाश को प्लास्टिक के बोरे में भरा, रस्सी से बाइक के पीछे बांधा और आधी रात को सुनसान रास्ते से शव ठिकाने लगाने निकल पड़ा। लेकिन रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी ने उसकी पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।
रात के अंधेरे में बाइक के पीछे बंधा था बोरा, अंदर मिली युवती की लाश
घटना शनिवार देर रात की बतायी जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो, निवासी हुरुमदा गांव के रूप में हुई है। मृतका प्रियंका बाघमुंडी थाना क्षेत्र के बुड़दा गांव की रहने वाली थी। दोनों पढ़ाई के सिलसिले में पुरुलिया शहर के बाहरी इलाके में टामना थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे।
बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पिछले कुछ समय से अमित को युवती के किसी दूसरे युवक से संपर्क में होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार को भी विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब अमित ने युवती को अपने सुनसान मेस में बुलाया।
पुलिस के मुताबिक मेस में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर अमित ने कथित तौर पर धारदार हथियार से युवती के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने लाश को प्लास्टिक के बोरे में डाला और बोरे को बाइक की पिछली सीट के साथ रस्सी से बांध दिया। इसके बाद वह देर रात करीब 1:30 बजे पुरुलिया से बलरामपुर की ओर से टाटा रोड निकल पड़ा।
इधर, बलरामपुर थाना पुलिस की टीम इलेक्ट्रिक कार्यालय के पास नाका चेकिंग कर रही थी। रात में पुलिस को बाइक पर बोरा बांधकर जा रहा युवक संदिग्ध लगा। जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की और बाइक की तलाशी ली।बाइक के पीछे बंधे बोरे को देखकर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। बोरा खुलवाया गया तो अंदर युवती की लाश देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय बांशगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अमित कुमार महतो ने हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उस मेस को भी सील कर दिया है, जहां युवती की हत्या किए जाने की बात सामने आयी है। हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या अचानक हुए विवाद में हुई या आरोपी ने पहले से इसकी साजिश रची थी। इसके अलावा पुलिस दोनों के बीच संबंध, विवाद की वजह और हत्या से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
परिजन बोले- अकेले नहीं हो सकती हत्या, अन्य लोगों की भी हो जांच
दूसरी ओर, मृतका के पिता फलारी महतो ने घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जतायी है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसे भी बेनकाब कर कड़ी कार्रवाई की जाए।पुलिस आरोपी को पुरुलिया जिला न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र हत्या की वास्तविक वजह, इस्तेमाल किए गए हथियार, शव को ठिकाने लगाने की योजना और आरोपी के संभावित सहयोगियों की भूमिका पर है।
इस वारदात में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या के बाद आरोपी शव को बाइक पर बांधकर रात के अंधेरे में निकल पड़ा था। अगर बलरामपुर पुलिस की नाका चेकिंग के दौरान उसकी बाइक नहीं रोकी जाती, तो संभव है कि आरोपी शव को किसी सुनसान जगह पर ठिकाने लगाने में सफल हो जाता। पुलिस की सतर्कता से न केवल शव बरामद हुआ, बल्कि हत्या का संदिग्ध आरोपी भी कुछ ही घंटों में गिरफ्त में आ गया।

