मायके में भी नहीं बची जिंदगी, पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को जिंदा जलाया,इलाज के दौरान मौत…वारदात के बाद पति फरार
दुमका।मायके में रह रही पत्नी को मनाने पहुंचा पति ही उसका कातिल बन गया। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनगढ़िया गांव में शनिवार की देर शाम घरेलू विवाद के बाद पति अर्जुन राय ने कथित तौर पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी शनिचरिया देवी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मायकेवालों को सूचना दी। गंभीर रूप से झुलसी शनिचरिया को आनन-फानन में पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां करीब दो घंटे तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति गांव छोड़कर फरार हो गया।
बताया जाता है कि अर्जुन राय शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गन्दरकपुर गांव का रहने वाला है। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी चंदनगढ़िया गांव निवासी शनिचरिया देवी से हुई थी। शादी के एक साल बाद से ही पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद होने लगा था। पति के व्यवहार से परेशान होकर शनिचरिया कुछ दिन पहले अपने मायके चली आई थी।
शनिवार की सुबह अर्जुन राय भी पत्नी के मायके पहुंच गया। दोपहर में शनिचरिया के पिता और भाई किशन राय किसी रिश्तेदार के घर चले गए। घर में उस वक्त अर्जुन और शनिचरिया ही मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि अर्जुन ने घर में रखे पेट्रोल को पत्नी के शरीर पर उड़ेल दिया और आग लगा दी।
महिला के शरीर से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग सहम गए। उसकी चीख सुनकर पड़ोसियों ने उसके पिता और भाई को घटना की जानकारी दी। परिजन जब घर पहुंचे तो शनिचरिया गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिली। उसे तत्काल रामपुरहाट सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बहन की मौत के बाद भाई किशन राय ने शिकारीपाड़ा थाना पहुंचकर पति अर्जुन राय को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के दौरान घटना होने की बात सामने आई है। भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी अर्जुन राय की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

