हत्या की खौफनाक कहानी: गोली मारी, लाश नदी में बहाई… फिर भी राँची पुलिस से नहीं बच सके आरोपी…तीन गिरफ्तार

 

राँची।जिले के कांके थाना क्षेत्र के चौड़ी बस्ती स्थित मसना के पास गोली चलने की सूचना से शुरू हुई पुलिस की जांच आखिरकार एक सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे तक पहुंच गई। भोज के लिए 9 हजार रुपये देने के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि पिस्टल निकल गई और राजन तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पोटपोटो नदी के तेज बहाव में बहा दिया गया।इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए आज प्रेस वार्ता में मुख्यालय-1 के डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चुडू और नीतिन उरांव शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, तीन स्मार्टफोन और बजाज प्लेटिना बाइक बरामद की है।

सड़क पर मिला खून, लेकिन गायब था घायल शख्स
पुलिस के अनुसार कांके थाना प्रभारी को चौड़ी बस्ती के मसना के पास गोली चलने की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर काफी मात्रा में खून और खून के निशान दूर तक फैले मिले। लेकिन वहां कोई घायल या मृत व्यक्ति नहीं मिला।मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने खून के निशानों का पीछा शुरू किया। निशान मसना के पास स्थित पोटपोटो नदी तक पहुंचे। नदी किनारे भी खून के धब्बे और जमाव मिला। इसके बाद पुलिस ने नदी में घायल व्यक्ति की तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल कुछ पता नहीं चला।

ड्रोन से तलाश और तीन दिन बाद नदी से निकली लाश
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नदी के बहाव की दिशा में ड्रोन कैमरे और पुलिस बल की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार 11 सितंबर की सुबह जयप्रकाश नगर के पास पोटपोटो नदी के किनारे एक शव तैरता हुआ मिला।
शव की पहचान राजन तिर्की, निवासी चामा (बुकरू), कांके के रूप में हुई। उसके दाहिने कान के पास गहरा जख्म मिला, जिसे पुलिस ने गोली लगने से संबंधित बताया।

9 हजार रुपये की पार्टी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में हत्या की वजह भी सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक संजय गाड़ी ने अपनी कार बेचने के एवज में 9 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में प्राप्त किए थे। मृतक राजन तिर्की सहित कुछ युवक उस रकम से पार्टी करने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उक्त रकम पार्टी के नाम पर उससे ले ली गई।बाद में पार्टी के तय कार्यक्रम के दौरान मसना के पास संजय गाड़ी और राजन तिर्की के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तनाव के बीच संजय ने कमर में रखी पिस्टल निकालकर राजन तिर्की पर गोली चला दी।

गोली मारने के बाद नदी में बहा दी लाश
पुलिस के अनुसार राजन की हत्या के बाद संजय गाड़ी ने अन्य आरोपियों की मदद से शव को पोटपोटो नदी में फेंक दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें और शव का पता नहीं चल सके। लेकिन घटनास्थल से मिले खून के निशान और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:संजय गाड़ी, पिता स्व. सोमरा गाड़ी, चौड़ी बस्ती, कांके,आकाश महली उर्फ चुडू, पिता कृष्णा महली, चौड़ी बस्ती, कांके,नीतिन उरांव, पिता प्रकाश उरांव, चौड़ी बस्ती, कांके है।पुलिस के अनुसार संजय गाड़ी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2022 में चोरी/चोरी की संपत्ति से संबंधित मामला दर्ज रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, एक जिंदा गोली, एक खोखा, तीन स्मार्टफोन और GJ5FA-9380 नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और आरोपियों की इस घटना के अलावा किसी अन्य वारदात में भूमिका तो नहीं है।कांके थाना कांड संख्या 180/26 में हत्या, साक्ष्य छिपाने, आपराधिक षड्यंत्र/साझा मंशा और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत आगे की जांच जारी है।

 

error: Content is protected !!