10 दिन में खुला पाकुड़ ज्वेलर्स लूटकांड का राज, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार; हथियारों के साथ 1 किलो चांदी बरामद
पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हथियार के बल पर हुई लूट का पाकुड़ पुलिस ने महज 10 दिनों के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी, जेवर रखने के ट्रे-डिब्बे, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।सबसे अहम बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार वह देवघर, गोड्डा, जामताड़ा और बोकारो जिलों में हुई कई लूट, डकैती, ज्वेलरी दुकान लूट और हथियार से जुड़े मामलों में वांछित रहा है।
दुर्गा मंदिर के पास ज्वेलर्स दुकान में घुसे थे हथियारबंद अपराधी
घटना 2 सितंबर 2026 की है। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान में लूटपाट की और मौके से फरार हो गए थे।घटना के बाद ज्वेलर्स दुकान के मालिक आकाश वर्मा के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 309(4) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू हुई।
एसपी ने बनाई SIT, छह टीमों ने शुरू किया ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अपराधियों तक पहुंचने के लिए महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया। इस ऑपरेशन में कुल छह पुलिस टीमों को लगाया गया।पुलिस टीमों ने मानवीय सूचना के साथ-साथ वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और अपराधियों की गतिविधियों की निगरानी के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला लूट का राज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अमड़ापाड़ा के किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से लूटे गए सामान को भी बरामद कर लिया। बरामद सामान में करीब एक किलो चांदी के आभूषण शामिल हैं। इनमें चांदी के हेयर क्लिप, 33 पीस सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़ा समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।इसके अलावा दुकान में जेवर रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रे, किशुन वर्मा ज्वेलर्स लिखा हुआ थैला, आभूषण नापने की मशीन, प्लास्टिक के डिब्बे और जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
लूट में इस्तेमाल हथियार और बाइक भी बरामद
पुलिस ने अपराधियों के पास से लूट की घटना में इस्तेमाल हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। बरामदगी में दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 7.65 KF के पांच जिंदा कारतूस और .315 एमएम के दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा पिस्टल की एक खाली मैगजीन भी बरामद हुई है।अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। इनमें एक काले रंग की Pasion Pro और एक Pulsar N160 शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के पास से GIVA कंपनी का कीपैड मोबाइल, OPPO स्मार्टफोन, MI कंपनी का गोल्डेन रंग का स्मार्टफोन और 12,700 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार तीनों अपराधियों के नाम
1.प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव (27 वर्ष)
पिता- सुरेश मांझी, ग्राम चितरपोका, थाना मोहनपुर, जिला देवघर।
2.हर्ष आनन्द उर्फ हर्ष यादव (करीब 19 वर्ष)
पिता- सुभाष प्रसाद यादव, ग्राम तिवारीचक, थाना बंधुआकुरावा, जिला बांका, बिहार।
3.कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव (करीब 22 वर्ष)
पिता- मिहिलाल यादव, ग्राम दलिया बौंसी, थाना बौंसी, जिला बांका, बिहार के रूप में हुई है।
चार जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना था प्रवीण
गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण कुमार उर्फ पारो का आपराधिक इतिहास पुलिस के लिए सबसे चौंकाने वाला है। पुलिस के अनुसार वह सिर्फ पाकुड़ की इस वारदात में ही शामिल नहीं था, बल्कि देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा में हुई कई आपराधिक घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया है।उसके खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर 2026 तक कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट जैसे मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में जामताड़ा नगर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर हुई लूट और वर्ष 2026 में गोड्डा नगर थाना क्षेत्र की ज्वेलरी शॉप लूट की घटना में भी वह वांछित था। बोकारो के पेटरवार और माराफारी थाना क्षेत्र की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया है। देवघर जिले के कई थाना क्षेत्रों में दर्ज लूट और डकैती के मामलों में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों तक पहुंची SIT
पाकुड़ पुलिस के इस ऑपरेशन में छह विशेष टीमों ने अलग-अलग स्तर पर काम किया। पुलिस ने तकनीकी शाखा, साइबर सेल और स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। SIT में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के अलावा अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रौशन भेंगरा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए आखिरकार तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
अन्य अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।पाकुड़ पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ अमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक ऐसे अपराधी तक भी पुलिस पहुंची है, जो कई जिलों में लूट और हथियार से जुड़े मामलों में पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

